दमोह ।    दमोह भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अध्यक्ष भरत यादव के कथित ऑडियो वायरल मामले में भाजपा जिला अध्यक्ष प्रीतम सिंह लोधी ने उन्हें पद से हटा दिया है। यह ऑडियो जिले की राजनीति में चर्चाओं का विषय बना हुआ है। दअरसल युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष यादव का कुछ दिन पहले एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसमें वह एक महिला से बातचीत के दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेताओं को गालियां दे रहे थे और उस महिला से भी अभद्र भाषा में बात कर रहे थे। यह वायरल ऑडियो पार्टी के सभी नेताओं के पास पहुंचा था और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने इसे संज्ञान में लिया और उसके बाद भाजपा जिला अध्यक्ष प्रीतम सिंह लोधी को कार्रवाई के निर्देश दिए। शुक्रवार को उन्होंने भरत यादव को पद से हटा दिया। हालांकि अपनी सफाई में भरत यादव का कहना था कि उन्हें नहीं पता किसका ऑडियो है।

यह है मामला

बता दें कि भाजपा युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष भरत यादव का किसी महिला से फोन पर विवाद चल रहा था और दोनों के बीच बातचीत हो रही थी। इसमें महिला से अभद्र भाषा का उपयोग करने के साथ ही भरत यादव ने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, वर्तमान पंचायत मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल और पूर्व वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन अध्यक्ष राहुल सिंह को काफी आपत्तिजनक शब्द कहे थे। वायरल ऑडियो भाजपा प्रदेश अध्यक्ष तक पहुंच गया और उसके बाद यह कार्रवाई की गई है। अब इस मामले में भरत यादव का कहना है कि उन्हें नहीं पता कि ऑडियो किसका है और कैसे वायरल हुआ है।

भाजपा जिला अध्यक्ष ने जारी किया नोटिस

भाजपा जिला अध्यक्ष द्वारा भरत यादव को जारी पत्र में कहा है कि विगत दिनों सोशल मीडिया पर आपके कुछ ऑडियो जिसमें कि अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया है जो कि निरंतर ही सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इससे पार्टी की छवि धूमिल हुई है। इस विषय को प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा एवं युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष वैभव पवार ने स्वयं सज्ञान में लिया और निर्देश दिया है कि आपको युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष के पद से तत्काल ही मुक्त किया जाए इसलिए आपको पद से हटाया जाता है।