दोस्ती का खौफनाक अंत! भेड़ाघाट में राजा ने लाठी से पीटकर दोस्त को उतारा मौत के घाट
जबलपुर। जबलपुर जिले के भेड़ाघाट थाना अंतर्गत बरखेड़ा गांव में शराब के नशे में हुए एक विवाद ने एक युवक की जान ले ली। साथ बैठकर शराब पीने के दौरान हुई मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया, जिसके बाद राजा नामक युवक ने अपने साथी बृजेश पटेल पर लाठी से जानलेवा हमला कर दिया। अस्पताल में उपचार के दौरान घायल युवक की मृत्यु हो गई।
आरोपी हुआ गिरफ्तार
घटना शुक्रवार देर शाम की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को हिरासत में ले लिया था। मृतक की पहचान बरखेड़ा निवासी बृजेश पटेल के रूप में हुई है, जबकि आरोपी का नाम राजा चौबे बताया गया है।
शराब के नशे में हुआ विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम को बृजेश पटेल और राजा चौबे गांव के समीप बैठकर शराब पी रहे थे। लगभग आधे घंटे तक सब सामान्य रहा, लेकिन नशे की हालत में दोनों के बीच गाली-गलौज शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि राजा चौबे ने बृजेश को धक्का दिया और फिर पास पड़ी लाठी से उस पर ताबड़तोड़ प्रहार किए। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
इलाज के दौरान गई जान
वहां से गुजर रहे ग्रामीणों ने बृजेश को लहूलुहान अवस्था में देखा और तुरंत भेड़ाघाट थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर सीएसपी अंजुल आयुक्त मिश्रा अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घायल को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवाया। पुलिस ने ग्रामीणों के बयान के आधार पर राजा चौबे की तलाश शुरू की और उसे देर रात ही पकड़ लिया। शनिवार सुबह इलाज के दौरान बृजेश पटेल की मौत हो गई, जिसके बाद आरोपी पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।

राशिफल 25 जुलाई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
तेंदूपत्ता संग्राहकों के सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण की ओर छत्तीसगढ़
सी.एम. हेल्पलाइन की शिकायत का त्वरित समाधानः सौर सुजला योजना का सोलर पंप चालू होने से लौटी किसान के खेतों की रौनक
तकनीक, समन्वय और प्रशिक्षित पुलिस बल के दम पर होगा सुरक्षित एवं व्यवस्थित सिंहस्थ-2028 - डीजीपी कैलाश मकवाणा
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से होमेश्वर प्रसाद जायसवाल को मिली राहत, शून्य हुआ बिजली बिल