गांधीनगर | गुजरात में पहले चरण का मतदान हो चुका है लेकिन दलबदल की प्रक्रिया अब भी जारी है| 5 दिसंबर को होनेवाले दूसरे चरण के मतदान से पहले आप के दहेगाम तहसील के संगठन मंत्री कमलेश त्रिवेदी अपने बेटे और समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए| गुजरात विधानसभा के चुनाव में आप पूरे दमखम के साथ उतरी थी| लेकिन धीरे धीरे आप के नेता और कार्यकर्ताओं में जोश कम होता जा रहा है| राज्य की 182 सीटों पर आप ने उम्मीदवार उतारे थे| जिसमें सूरत से एक उम्मीदवार कंचन जरीवाला के नाम वापस लेने से आप के चुनाव में मैदान में 181 प्रत्याशी रह गए हैं| 181 में से भी कच्छ के अबडासा से आप उम्मीदवार वसंत खेताणी ने अपना नामांकन तो वापस नहीं लिया लेकिन भाजपा प्रत्याशी प्रद्युम्नसिंह जाडेजा को समर्थन का ऐलान कर दिया था| अबडासा विधानसभा सीट पर 1 दिसंबर को वोटिंग हो चुकी है| पार्टी की करनी-कथनी के चलते एक के बाद एक नेता आप से किनारा कर रहे हैं| अब तक आप के कई नेता भाजपा या कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं| गांधीनगर समेत 14 जिलों में 5 दिसंबर को मतदान होना है और उससे पहले आप के दहेगाम तहसील के संगठन मंत्री कमलेश त्रिवेदी ने भाजपा का भगवा धारण कर लिया| आप से नाराज होकर कमलेश त्रिवेदी अपने बेटे और कई समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए| गांधीनगर जिले की दहेगाम सीट से भाजपा प्रत्याशी बलराजसिंह ने कमलेश त्रिवेदी समेत उनके समर्थकों का पार्टी में स्वागत किया|