किंशासा । पूर्वी कांगो के दक्षिण किवु क्षेत्र में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन में 20 लोगों की और मौत हो गई है। इस तरह से अब मृतकों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया ‎कि कांगो में बाढ़ और भूस्खलन से होने वाली मौतों की संख्या अब 60 से अधिक हो गई है। कांगो में पिछले हफ्ते ही बाढ़ और भूस्खलन से लोगों की मौत हुई थी। अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार को म्वेंगा क्षेत्र के बुरहिनी इलाके में हुए भूस्खलन से कई मकान पूरी तरह से ध्वस्त हो गए। क्षेत्रीय प्रशासक वालूबिला इशिकीटिलो ने बताया, भूस्खलन से कई मकान ढह गए, जिसके परिणास्वरूप 20 लोगों की दबकर मौत हो गई। सरकार ने शुक्रवार को कहा कि वह प्रभावित लोगों के लिए आपातकालीन सहायता मुहैया करा रही है और प्रभावित क्षेत्र में फंसे निवासियों को निकाल रही है।
पूर्वी कांगों में शुक्रवार को आई बाढ़ से देश के अन्य हिस्से भी प्रभावित हुए, जिनमें राजधानी किंशासा, कांगो नदी के तट और कसाई प्रांत के कुछ हिस्से भी शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार यहां पर मंगलवार को म्वेंगा क्षेत्र के कामितुगा में भूस्खलन हुआ था, जिसमें 20 से अधिक मजदूरों की मौत हो गई थी, जिसके लगभग 48 घंटे बाद फिर से भूस्खलन हुआ।