भोपाल । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 फरवरी को मध्यप्रदेश दौरे पर आ सकते हैं। वे झाबुआ से लोकसभा चुनाव का बिगुल बजाएंगे। प्रदेश भाजपा ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं। झाबुआ आदिवासी बहुल सीट है। ऐसे में विधानसभा चुनाव की तरह भाजपा इस बार भी आदिवासी सीटों पर बढ़त की कोशिश में है। फरवरी के दूसरे हफ्ते से अमित शाह के साथ पार्टी के दूसरे दिग्गज चुनाव प्रचार के लिए पीएम आ सकते हैं। छिंदवाड़ा में जेपी नड्डा, राजनाथ सिंह की सभाएं हो सकती हैं। कलस्टर बैठक के बाद दूसरी बैठक विस्तारकों की हुई। प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा, हर बूथ पर 10 प्रतिशत वोट शेयर बढ़ाने के संकल्प के साथ बैठक हुई। पिछली बार लोकसभा चुनाव में 58 प्रतिशत वोट मिला था। इस बार 68 प्रतिशत वोट शेयर हासिल करने का हमारा लक्ष्य है।
विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत मिलने के बाद अब लोकसभा चुनाव में भी भाजपा की नजर आदिवासी वोटर्स पर है। डॉ. मोहन यादव की लीडरशिप वाली भाजपा सरकार के साथ-साथ संगठन का फोकस आदिवासी वोट बैंक पर है। प्रदेश में आदिवासी वोटरों की हिस्सेदारी 22 प्रतिशत के करीब है। यही वजह है कि सत्ताधारी भाजपा हो या विपक्षी दल कांग्रेस दोनों ही आदिवासियों को लुभाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं।
सत्ता की चाबी है आदिवासी
मध्य प्रदेश में आदिवासी वोटर्स की संख्या करीब 22 प्रतिशत है। प्रदेश की 29 सीटों में से 6 लोकसभा सीटें आदिवासियों के लिए रिजर्व हैं। फिलहाल सभी सीटों पर भाजपा का कब्जा है। प्रदेश की 47 विधानसभा सीटें आदिवासियों के लिए रिजर्व है। मध्य प्रदेश में कुल 78 विधानसभा सीटें ऐसी हैं, जहां आदिवासी वोटर किसी को जिताने-हराने की ताकत रखते हैं। यही वजह है कि भाजपा और कांग्रेस उनको साधने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं।
कांग्रेस का 50-50 का फॉर्मूला
मध्यप्रदेश की 29 लोकसभा सीटों के लिए कांग्रेस ने टिकट का 50-50 का फॉर्मूला तय कर लिया है। कांग्रेस 29 में से 14 से 15 सीटों पर युवाओं को टिकट देगी। बाकी सीटों पर सीनियर लीडर्स को चुनाव लड़वाएगी। शनिवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पार्टी की स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक के दौरान कांग्रेस नेता सज्जन सिंह वर्मा ने इसकी जानकारी दी है। कांग्रेस के दिग्गज नेताओं के चुनाव लडऩे से इंकार करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि ऐसा कुछ नहीं है। पार्टी जिसे कहेगी उसे चुनाव लडऩा होगा। पार्टी का फैसला ही अंतिम होगा। बैठक में कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी की अध्यक्ष रजनी पाटिल और सदस्य परगट सिंह और कृष्णा अल्लावेरू मुख्य रूप से मौजूद हैं। इस दौरान प्रदेश की 29 लोकसभा सीटों के लिए नियुक्त समन्वयकों से फीडबैक भी लिया जा रहा है। बताया जा रहा है कि स्क्रीनिंग कमेटी की अध्यक्ष रजनी पाटिल संभावित उम्मीदवारों के नामों की लिस्ट बंद लिफाफे में ले जाकर पार्टी आलाकमान के सामने रखेंगी।
खजुराहो सीट पर कांग्रेस में 19 दावेदार
खजुराहो लोकसभा सीट के प्रभारी संजय यादव ने बताया कि खजुराहो सीट से पार्टी के 19 लोगों ने अपनी दावेदारी के आवेदन दिए हैं। मीटिंग में इसकी जानकारी भी पार्टी पदाधिकारियों को दी गई है।