इंदौर ।   मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को इंदौर पहुंचे। बड़ा गणपति का पूजन किया और रोड शो कर रहे हैं। यह रोड शो राजवाड़ा तक होगा। इसके लिए यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है।

डॉ. मोहन यादव के स्वागत में उमड़ा जनसैलाब

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के स्वागत के लिए इंदौर की सड़कों पर जनसैलाब उमड़ा। उनके साथ वाहन में मौजूद मंत्रियों- कैलाश विजयवर्गीय, राकेश सिंह और तुलसी सिलावट का भी स्वागत किया जा रहा है। जन आभार एवं स्वागत रैली में जगह-जगह जय श्री राम के नारे लग रहे हैं। 

मुख्यमंत्री ने शुरू किया रोड शो

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ा गणपति का पूजन किया। इसके बाद उन्होंने रोड शो शुरू किया। इस दौरान प्रदेश शासन के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, तुलसी सिलावट, राकेश सिंह के साथ ही विधायक रमेश मेंदौला, पूर्व मंत्री उषा ठाकुर, मालिनी गौड़, महापौर पुष्यमित्र भार्गव समेत भाजपा के अन्य नेता और पदाधिकारी उनके साथ रोड शो में मौजूद हैं। 

मजदूरों की परेशानियों को दूर करेंगे

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मुझे अच्छा लग रहा है कि मैं इंदौर आया हूं। इससे पहले मैं हुकुमचंद मिल के मजदूरों के लिए पैसा जारी करने इंदौर आया था। आज हमने कैबिनेट में भी यह चर्चा की कि प्रदेश में और कहां मजदूर परेशान हैं। उनकी दिक्कतों को दूर करना है। हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीबों और मजदूरों की दिक्कतों को दूर करने के अभियान में जुटे हैं। 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एयरपोर्ट से बड़ा गणपति के लिए रवाना

मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव का इंदौर पहुंचने पर जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने स्वागत किया। मुख्यमंत्री जी के साथ जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट और लोक निर्माण विभाग के मंत्री राकेश सिंह भी इंदौर पहुंचे। यात्रा मार्ग पर राजवाड़ा के समीप राम मंदिर की प्रतिकृति रखी गई। जहां लोग से फोटो खिंचा रहे हैं। बड़ा गणपति का पूजन करने के बाद मुख्यमंत्री का राजवाड़ा तक रोड शो होगा, जिसके लिए जगह-जगह पर स्वागत मंच लगाए गए हैं। 

विजयवर्गीय के क्षेत्र में होगा रोड शो

डॉ. मोहन यादव का रोड शो इंदौर की तीन विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगा। बड़ा गणपति से शुरू होगा, जो इंदौर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक एक में आता है। यहां से मंत्री कैलाश विजयवर्गीय विधायक हैं। इसके बाद रोड शो इंदौर-4 से गुजरेगा, जहां से पूर्व महापौर मालिनी गौड़ विधायक हैं। इसके बाद रोड शो राजवाड़ा पर खत्म होगा, जो विधानसभा क्षेत्र क्रमांक तीन का हिस्सा है। यहां से राकेश गोलू शुक्ला विधायक हैं।  


विजयवर्गीय बोले- इंदौर को दुनिया का श्रेष्ठ शहर बनाएंगे

प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने रोड शो से पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का स्वागत किया। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इंदौर में ₹350 करोड़ रुपये की लागत के 6.67 किमी एलिवेटेड कॉरिडोर का भूमिपूजन करेंगे। मैं, सांसद, विधायक और महापौर समेत सभी नेता मिलकर इंदौर के विकास की नई इबारत लिख रहे हैं। मिलकर हम इंदौर को दुनिया के श्रेष्ठ शहरों में शामिल करेंगे। 

बड़ी संख्या में महिलाएं भी

डॉ. यादव का स्वागत करने के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं भी समय से पहले रोड शो के मार्ग पर पहुंच चुकी हैं। कुछ महिलाओं ने राम मंदिर के बड़े स्टिकर हाथ में ले रखे थे। वह इस रोड शो के बहाने रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा से जुड़े कार्यक्रम के लिए आभार भी जता रही हैं।  

सामाजिक संस्थाओं और संगठनों को एक मंच पर लाने का प्रयास

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के रोड शो में भाजपा संगठन ने इंदौर के सभी सामाजिक संगठनों, संस्थाओं और व्यापारिक संगठनों को एक मंच पर लाने का प्रयास किया है। रोड शो के दौरान ब्राह्मण, राजपूत, यादव, पिछड़ा वर्ग समेत अनेकों समाजों ने अपने मंच लगाए हैं। इसी तरह कई व्यापारिक संगठन और शहर की प्रमुख संस्थाओं ने भी अपने मंच तैयार किए हैं। भाजपा ने रोड शो के दौरान यह संदेश देने की कोशिश की है कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के स्वागत में पूरा इंदौर एकजुट है।

जगह-जगह लगे स्वागत मंच

डॉ. मोहन यादव के स्वागत के लिए बड़ा गणपति से राजवाड़ा तक कई स्वागत मंच लगाए गए हैं। इन मंचों से डॉ. यादव का स्वागत किया जाएगा। भाजपा के पदाधिकारियों ने भी रोड शो मार्ग का निरीक्षण किया। इससे पहले अधिकारियों ने भी व्यवस्था का जायजा लिया था। 

मोहन के रोड शो में हर जगह राम

मुख्यमंत्री मोहन यादव के रोड शो के लिए हर 10 फीट की दूरी पर एक स्वागत मंच लगा है। शहर के सभी विधायकों, पार्षदों के साथ-साथ सांसद शंकर ललवानी और महापौर पुष्यमित्र भार्गव के समर्थकों ने अपने-अपने अलग स्वागत मंच लगाए हैं। यादव समाज के मंच बड़ी संख्या में लगे हैं। पूरा रोड शो अयोध्या में राम मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम की थीम पर तैयार किया गया है। रास्ते में हर जगह भगवान राम, अयोध्या में आकार ले रहे राम जन्मभूमि मंदिर की प्रतिकृति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पोस्टर-बैनेर लगे हैं। 

प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को इंदौर में रहेंगे। एयरपोर्ट से करीब सवा चार बजे बड़ा गणपति आएंगे। वहां बड़ा गणपति के दर्शन करेंगे। फिर वहां से राजवाड़ा तक उनका रोड शो होगा। इसे आभार रैली एवं स्वागत कार्यक्रम नाम दिया गया है। शाम 5:50 बजे राजवाड़ा में देवी अहिल्या की मूर्ति पर माल्यार्पण करेंगे। फिर एलिवेटेड कॉरिडोर का भूमिपूजन होगा। वीडियो फिल्म का प्रदर्शन भी किया जाएगा। साढ़े छह बजे विश्राम बाग में स्क्रेप से बने राम मंदिर स्ट्रक्चर का उद्घाटन भी करेंगे। डॉ. मोहन यादव के कार्यक्रम को देखते हुए शहर की यातायात व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। रोड शो को देखते हुए बड़ा गणपति से राजवाड़ा तक का मार्ग आवागमन के लिए पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। छह रुट पर सिटी बसों का परिवहन भी बंद रहेगा या इनका मार्ग परिवर्तित रहेगा।