नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस पार्टी अपनी तैयारियों में जुट गई है। इसी को देखते हुए कांग्रेस ने अपनी महिला विंग और छात्र विंग के नए अध्यक्ष भी नियुक्त कर दिए हैं। इसके अलावा कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने पार्टी में 5 क्लस्टर आधारित स्क्रीनिंग कमेटी भी बनाई हैं।पार्टी ने अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की जिम्मेदारी दिल्ली की तेजतर्रार नेता और पूर्व विधायक अलका लांबा को सौंपी है। पहले से ही ऐसे कयास लगाए जा रहे थे कि नेट्टा डिसूजा के बाद ये महिला कांग्रेस की कमान अलका को मिल सकती है, जबकि नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया के नए अध्यक्ष के रूप में वरुण चौधरी को चुना गया है।  
अलका लांबा का राजनीतिक करियर साल 1994 में शुरू हुआ था। उन्हें कांग्रेस के छात्र संगठन में कन्वेनर का पद मिला था। इसके बाद अलका लांबा एनएसयूआई की अध्यक्ष भी बनीं। इसके बाद उन्हें महिला कांग्रेस का जनरल सेक्रेटरी भी बनाया गया।अलका लांबा, अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी में भी रह चुकी हैं। वह चांदनी चौक विधानसभा सीट से आप की टिकट पर चुनाव जीती थीं। हालांकि बाद में उन्होंने साल 2020 में कांग्रेस ज्वाइन कर ली थी। उन्होंने एक बार फिर कांग्रेस की टिकट पर चांदनी चौक सीट से विधानसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा।  
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने आगामी आम चुनावों के लिए क्लस्टर आधारित स्क्रीनिंग कमेटियों का गठन भी किया है। इसके लिए पार्टी की ओर से देश को 5 क्लस्टर में बांटा है।  क्लस्टर-1 में - तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल, लक्षद्वीप, पुडुचेरी को शामिल किया गया है। इसकी जिम्मेदारी हरीश चौधरी को दी गई है। जबकि सदस्य के तौर पर विश्वजीत कादम, जिग्नेश मेवानी को शामिल किया गया है। इसी तरह क्लस्टर-2 में आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, गोवा, ओडिशा, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह को शामिल किया गया है जिसका अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री और सूरज हेगड़े, शफी परम्बिल को सदस्य बनाया गया है।क्लस्टर-3 में गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, दिल्ली, दमन और दीव, दादरा और नगर हवेली को लिया गया है अध्यक्ष रजनी पाटिल और सदस्य: कृष्णा अल्लवरु, परगट सिंह को बनाया गया है। क्लस्टर- 4 में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, चंडीगढ़, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख है और भक्त चरण दास को अध्यक्ष तथा सदस्य नीरज दांगी, यशोमती ठाकुर को नियुक्त किया है।  क्लस्टर-5 में बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, असम, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मिजोरम, मेघालय, नागालैंड, त्रिपुरा, सिक्किम शामिल हैं जिसका अध्यक्ष राणा के.पी. सिंह को बनाया गया है जिसमें जयवर्धन सिंह, इवान डीसूजा सदस्य के तौर पर शामिल रहेंगे।