भोपाल।  विधानसभा चुनाव 2023 में बड़ी जीत के बाद प्रदेश में भाजपा की सरकार गठित हो चुकी है। अब नई सरकार के लिए अगले तीन महीने बेहद चुनौती भरे होंगे। वजह, लोकसभा चुनाव के चलते जनता के सामने नवगठित सरकार को अपना प्रदर्शन दिखाना होगा। नियमित कार्यों के अलावा सरकार को यह दिखाना होगा कि घोषणा पत्र में उसने जो वादे जनता से किए हैं उन्हें पूरा करने की दिशा में क्या और किस गति से कदम बढ़ाया है। अगर सरकार अपने प्रमुख वादों को लेकर काम करती है तो प्रदेश में विकास की नई दिशा तय होगी।
 योजनाओं को मंडल स्तर तक लेकर जाएगी भाजपा
प्रदेश में सरकार गठन के बाद भाजपा ने लोकसभा चुनाव की तैयारी तेज कर दी है। भाजपा ने प्रदेश की सभी 29 सीटें जीतने का संकल्प लिया है, जिसको पूरा करने के लिए पूरी कार्ययोजना बनाकर काम शुरू हो गया है। केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को मंडल स्तर तक ले जाने की तैयारी की जा रही है। सरकार के कार्यक्रम और पार्टी की घोषणाओं के क्रियान्वयन को नागरिकों तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा। बूथ कमेटियों के कार्यकर्ताओं को मोर्चावार अलग-अलग वर्ग और समाजों के बीच में जाकर कार्य करने निर्देशित किया गया है। भाजपा प्रदेश वीडी शर्मा ने सभी मोर्चों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आगामी लोकसभा चुनाव के परिप्रेक्ष्य में अहम जिम्मेदारी सौंपी।
वर्षभर तय होते हैं कार्यक्रम
भाजपा प्रदेश वीडी शर्मा ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव की दृष्टि से और नियमित रूप से जो कार्ययोजना रहती है, उन्हें नीचे तक जाकर मंडल स्तर तक के कार्यों को संपादित करने पर बल दिया जाएगा। भाजपा एकमात्र ऐसा राजनीतिक दल है जो एक जनवरी से लेकर 31 दिसंबर तक के वर्षभर के कार्यक्रम तय करती है। इसके क्रियान्वयन के लिए समन्वयक के रूप में कार्य किया जाएगा। लोगों के बीच में जाकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और सरकारी कार्यक्रमों का क्रियान्वयन करेंगे। भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी आधार कार्ड, आयुष्मान भारत कार्ड और प्रधानमंत्री आवास के विषय को लेकर जन-जन तक पहुंचेंगे।
सरकार बनते ही घोषणओं पर अमल शुरू
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार का गठन होते ही घोषणाओं पर अमल करना शुरू कर दिया गया है। कैबिनेट में फैसला लेना प्रारंभ हो गया है। निश्चित रूप से जो वादा किया है, वह समयबद्ध तरीके से पूरा होगा। भाजपा की प्रदेश सरकार अपनी सभी घोषणाओं को समयबद्ध तरीके से निश्चित रूप से पूरा करने के लिए कार्य कर रही है।