अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर्स महासंघ को नया अध्यक्ष मिल गया है। ऑस्ट्रेलिया की पूर्व महिला दिग्गज क्रिकेटर लिसा स्थालेकर फिका की पहली महिला अध्यक्ष बन गई हैं। स्विट्जरलैंड के नियोन में आयोजित फिका कार्यकारी समिति की बैठक में 42 साल की स्थालेकर के नाम पर मुहर लगी। स्थालेकर ऑस्ट्रेलिया की पूर्व कप्तान भी रह चुकी हैं।लिसा से पहले दक्षिण अफ्रीका के पूर्व बल्लेबाज बैरी रिचर्ड्स, वेस्टइंडीज के पूर्व ऑलराउंडर जिमी एडम्स और हाल ही में इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज विक्रम सोलंकी यह पद संभाल चुके हैं। कोरोना महामारी के बाद फिका की यह पहली बैठक थी। फिका के कार्यकारी अध्यक्ष हीथ मिल्स ने कहा- हमें लिसा को अध्यक्ष बनाते हुए बेहद खुशी हो रही है।अध्यक्ष बनने के बाद स्थालेकर ने खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा- हम खेल के नये दौर में प्रवेश कर रहे हैं। अब चाहे पुरुष हो या महिला, दोनों ही काफी क्रिकेट खेल रहे हैं। क्रिकेट अब एक वैश्विक खेल बन रहा है। इसे पूरी दुनिया में पसंद किया जा रहा है। स्थालेकर का जन्म भारत के पुणे में ही हुआ था।