वाशिंगटन। स्पेसक्राफ्ट बीएपीएस स्वामीनारायण संगठन के पांचवें गुरु प्रमुख स्वामी महाराज को एक अनूठी श्रद्धांजलि दे रहा है। नासा का निजी स्पेसक्राफ्ट ओडीसियस इस समय चंद्रमा की ओर बढ़ रहा है। आईएम-1 मिशन की सतह पर रिलेटिव डायनेमिक्स से स्वामी महाराज की तस्वीरें और कामों को उकेरा गया है। ये स्वामी महाराज को श्रद्धांजलि देते हुए उनकी निस्वार्थ सेवा के सार्वभौमिक मानव मूल्य का समर्थन करने की कोशिश है। नासा के आईएम-1 मिशन के तहत लॉन्च किया गया ये स्पेसक्राफ्ट 22 फरवरी को चांद की सतह पर सॉफ्ट लैंडिंग करेगा। इंट्यूटिव मिशन्स ने सोशल मीडिया पर तस्वीर साझा करके हुए लिखा, रिलेटिव डायनेमिक्स के समन्वय से बनाया गया आईएम-1 मिशन पांचवें गुरु, परम पावन प्रमुख स्वामी महाराज को शाश्वत श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। यह नक्काशी स्वामी महाराज की सेवा का सम्मान करती है, जिन्होंने निस्वार्थ सेवा के सार्वभौमिक मानवीय मूल्य की वकालत की। राष्ट्रों के बीच इस तरह का सांस्कृतिक जुड़ाव अंतरिक्ष अन्वेषण की खोज में साझा मूल्यों, प्रयासों और जिम्मेदारी को बढ़ाता है। शान्तिलाल पटेल के नाम से 7 दिसंबर, 1921 को गुजरात राज्य में जन्मे प्रमुख स्वामी महाराज बीपीएस संगठन को ऊंचाई तक ले जाने वाली शख्सियतों में से एक रहे। भारत ही नहीं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बीएपीएस को बढ़ाने में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने हिंदू धर्म के सिद्धांतों और स्वामीनारायण परंपरा के संस्थापक स्वामीनारायण की शिक्षाओं पर जोर दिया। गुजरात और दिल्ली में अक्षरधाम मंदिर का निर्माण करवाने के लिए उन्हें काफी ज्यादा शोहरत मिली। अपने जीवन में उन्होंने एक हजार से ज्यादा मंदिरों का निर्माण करवाया। उनका निधन अगस्त 2016 में हो गया था।