गुना ।   गुना शिवपुरी से भाजपा सांसद केपी यादव अपने संसदीय क्षेत्र में ज्योतिरादित्य सिंधिया के खेल महोत्सव के जवाब में त्रि-दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव कराने जा रहे  हैं। अयोध्या में भगवान श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में यह संस्कृति महोत्सव 11 से 13 फरवरी के बीच किया जाएगा। महोत्सव के दौरान शिवपुरी, गुना और अशोकनगर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिसमें 11 फरवरी को मुंगावली और अशोकनगर, 12 फरवरी को पिछोर-शिवपुरी और 13 फरवरी को गुना में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रसिद्ध गायक अजय भाई द्वारा भी प्रस्तुति दी जाएगी।

ज्योतिरादित्य के खेल महोत्सव का जवाब

ऐसा माना जा रहा है कि ज्योतिरादित्य सिंधिया के खेल महोत्सव का जवाब देने के लिए केपी यादव यह सांस्कृतिक महोत्सव करा रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने पुराने संसदीय क्षेत्र गुना, शिवपुरी और अशोकनगर में खेल महोत्सव के जरिए अपनी सक्रियता बढ़ाई थी। अब इसके जवाब में केपी यादव ने सांस्कृतिक महोत्सव कराने का निर्णय लिया है। बता दें कि पिछले दिनों यहां खेल महोत्सव का आयोजन किया गया था। जिसमें शामिल होने के लिए  ज्योतिरादित्य सिंधिया भी यहां आए थे। चार दिवसीय दौरे के दौरान सिंधिया ने कई कार्यक्रमों में भाग लिया था।  

सिंधिया के चुनाव लड़ने की अटकलें

खेल महोत्सव के जरिए ऐसा माना जा रहा है कि लोकसभा चुनाव में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया अपने क्षेत्र से लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं। हालांकि, इस बारे में सिंधिया ने अभी अपने पत्ते नहीं खोले हैं। शिवपुरी में पत्रकारों के चुनाव लड़ने के सवाल पर से सिंधिया ने कहा था कि जैसा पार्टी निर्देश देगी, वैसा किया जाएगा। लेकिन, सिंधिया की अचानक बड़ी सक्रियता के कारण उनके चुनाव लड़के के कयास लगाए जा रहे हैं। 

एक लाख से ज्यादा वोटों से हारे थे सिंधिया 

साल 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी केपी यादव ने ज्योतिरादित्य सिंधिया को सवा लाख मतों से हराया था। उस समय सिंधिया कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर चुनावी मैदान में थे। इस हार से सिंधिया को करारा झटका लगा था और मार्च 2020 में उन्होंने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था। मध्य प्रदेश में सत्ता परिवर्तन में भी सिंधिया ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।