नई दिल्ली ।   झारखंड में जेएमएम के विधायक के इस्तीफे के बाद राजनीतिक माहौल गर्मा गया है। बीजेपी ने दावा किया है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी कल्पना सोरेन को सीएम बना सकते हैं। भाजपा ने कहा कि सात बार प्रवर्तन निदेशायलय के समन को अनदेखा कर चुके हेमंत को अपने अरेस्ट होने से पहले कुर्सी अपनी पत्नी को सौंपना चाहते हैं। इसलिए गांडेय से विधायक सरफराज अहमद से इस्तीफा लिया है। बीजेपी ने लालू यादव और राबड़ी देवी का उदाहरण दिया है।

कौन है कल्पना सोरेन

कल्पना सोरेन मुख्मंत्री हेमंत की पत्नी है। अब जल्द ही राज्य की बागडोर कल्पना के हाथों आने वाली है। हालांकि प्रदेश के अगले मुखिया को लेकर झामुओ की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। बता दें कल्पना सोरेन का जन्म 1976 में रांची में हुआ। उन्होंने अपना ग्रेजुएशन रांची से पूरा किया। वह ओडिशा के मयूरभंज की रहने वाली है।

2006 में हुई थी शादी

7 फरवरी 2006 को हेमंत सोरेन और कल्पना की अरेंज मैरिज हुई। कल्पना भले की प्रदेश के सियासी परिवार से जुड़ी है, लेकिन उनकी दिलचस्पी और कार्यक्षेत्र अलग है। वह एक बिजनेस वुमन और एक प्ले स्कूल का संचालन करती हैं। उनके दो बच्चे हैं।

पहले भी आई मुख्यमंत्री बनने की खबरें

कल्पना सोरेन राजनीति से खुद को दूर रखती हैं। हालांकि प्रदेश के हर राजनीतिक खबर पर उनकी निगाहें रहती है। यह पहली बार नहीं जब कल्पना के ताजपोशी की खबर सामने आई है। इससे पहले जब मुख्यमंत्री हेमंत की सदस्यता पर खतरा मंडराया था। तब भी उनकी पत्नी का नाम सीएम के लिए सामने आया था। बता दें हेमंत सोरेन को 7 बार ईडी का समन मिल चुका है। इस बार एजेंसी की ओर से आखिरी समन होने का दावा किया गया है। इसके बाद फिर कल्पना के सीएम बनने की खबर आग की तरह फैल रही है।