चंडीगढ़।  लोकसभा चुनाव में  चंडीगढ़ से भाजपा ‎टिकिट को लेकर बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत के दावेदारी  के चर्चे हैं।   सूत्रों के अनुसार इस बार भी चंडीगढ़ से भाजपा बाहरी प्रत्याशी को उतारने की तैयारी है। इस बारे में भाजपा ने सर्वे कर इस बारे में कंगना को बता दिया है। ‎जिसके चलते कंगना ने चंडीगढ़ में आवास भी ले लिया है। फिलहाल भाजपा से यहां बॉलीवुड एक्ट्रैस किरण खेर  सांसद हैं।  सूत्रों के अनुसार भाजपा ने स्थानीय नेताओं में से उम्मीदवार चुनने के लिए भी एक सर्वे करवाया था लेकिन आपसी कलह के कारण भाजपा कोई रिस्क नहीं लेना चाहती। चंडीगढ़ संसदीय सीट से भाजपा का उम्मीदवार बनने के लिए चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के मालिक भी सक्रिय हुए थे लेकिन उन पर सहमति नहीं बनी। अब कंगना रनौत के नाम की चर्चाएं चल रही हैं हालांकि, भाजपा हाईकमान ही इस बारे में अं‎तिम फैसला लेगा। 
भाजपा कंगना रनौत के जरिए चंडीगढ़ में रहने वाले हिमाचली वोटों को साधना चाहती है। चंडीगढ़ में बड़ी संख्या में हिमाचल के लोग रहते हैं। कंगना मूलरूप से हिमाचल के मंडी जिला निवासी हैं। कंगना रनौत की पढ़ाई चंडीगढ़ में हुई है। वह यहां के सेक्टर-15 के डीएवी स्कूल से पासआउट हैं। इससे पहले कंगना ने 4 नवंबर को चुनाव लड़ने के संकेत दिए थे। कंगना मूवी तेजस की रिलीज के बाद गुजरात के प्रसिद्ध यात्राधाम द्वारका के जगत मंदिर पहुंची थी। उन्होंने मीडिया से बातचीत में लोकसभा चुनाव लड़ने का संकेत देते हुए  कहा था कि अगर भगवान श्रीकृष्ण की कृपा रही तो वह लोकसभा चुनाव लड़ेंगी। तब उनके हिमाचल के मंडी सीट से चुनाव मैदान में उतरने के कयास लगाए जा रहे थे।