भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र का बुधवार को दूसरा दिन है। सत्र के शुरू होने से पहले ही विधानसभा परिसर के बाहर कांग्रेस विधायकों ने जमकर हंगामा किया। कांग्रेस विधायकों ने सरकार पर पोषण आहर में घोटाले का आरोप लगाया। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी भी की। इधर, सदन के भीतर भी प्रवेश को लेकर भाजपा और कांग्रेस विधायकों में जोरदार हंगामे की स्थिति रही।सदन की कार्यवाही स्थगित होने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मीडिया से बात की। उन्होंने कहा कि सीएम ने कहा कि गड़बडी़ करने वालों को छोड़ा नहीं जाएगा। जो पोषण अमानक पाए गए वे कांग्रेस सरकार में हुए थे। शिवराज ने कहा कि कैग की रिपोर्ट में विपक्ष के 15 माह भी शामिल हैं। कांग्रेस के मित्र भी जानते हैं कि हर विभाग का आडिट होता है। मेरा साफ कहना है कि हम तथ्यों को बारीकी से देख रहे हैं। कहीं गड़बड़ी पाई गई तो हम सख्त कार्रवाई करेंगे। अभी हमने अनियमितताओं के खिलाफ 104 लोगों पर कार्रवाई की है। 24 के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई। कई के खिलाफ विभागीय जांच चल रही है। लेकिन कांग्रेस ने क्या किया। गुणवत्ता में टेक होम राशन अमानक स्तर का पाया गया, वो कांग्रेस के शासनकाल का है। जिसका हमने 36 करोड़ रुपए पेमेंट रोका हुआ है। कांग्रेस चर्चा से भाग रही है, हंगामा कर रही है। बीजेपी गड़बड़ी करने वालों को छोड़ेगी नहीं।