नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईश्वर से कामना की है कि कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के दीर्घायु रहें। श्रीमती गांधी के 77वें जन्मदिन पर बधाई देते हुए पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, ‘श्रीमती सोनिया गांधी को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं। ईश्वर उन्हें दीघार्यु और अच्छा स्वास्थ्य प्रदान करे।’ वहीं कांग्रेस ने शुभकामनाएं देते हुए लिखा, ‘उस व्यक्ति को जन्मदिन की शुभकामनाएं जो सत्यनिष्ठा, करुणा और साहस के उच्चतम गुणों का प्रतीक है। वह शक्ति का एक स्तंभ हैं, जिन्होंने बड़ा त्याग करते हुए अपना जीवन सार्वजनिक सेवा के लिए समर्पित कर दिया है।’
इसके अलावा समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने भी सोनिया गांधी को जन्मदिन की बधाई देते हुए एक्स पर लिखा, ‘श्रीमती सोनिया गांधी जी को उनके जन्मदिन पर हार्दिक शुभकामनाएं। उनके अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना करता हूं।’ वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के प्रमुख ने भी पोस्ट करते हुए लिखा, ‘श्रीमती सोनिया गांधी जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना करता हूं।’ 
सोनिया गांधी का जन्म 9 दिसंबर, 1946 को इटली में हुआ था। वह सबसे लंबे समय तक कांग्रेस की अध्यक्ष रहीं। उन्होंने पिछले कुछ साल से स्वास्थ्य संबंधी कारणों के चलते सक्रिय राजनीति से दूरी बना ली है और उनके बेटे राहुल गांधी एवं बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा पार्टी में अहम भूमिका निभा रहे हैं।