बारपेटा । भारत जोड़ो न्याय यात्रा के 11वें दिन असम के बारपेटा में राहुल गांधी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री पर जमकर निशाना साधा। बुधवार को यात्रा की शुरुआत के मौके पर राहुल ने कहा, जैसा असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने निर्देश दिया है, मीडिया वैसे ही समाचार दिखा रहा है। उन्होंने कहा कि सीएम हिमंत केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हाथों की कठपुतली बने हुए हैं।
राहुल ने कहा, मीडिया आपको जो कुछ भी बता रही है, यह बिल्कुल वैसा ही है जिसका निर्देश खुद असम के मुख्यमंत्री ने दिया है। कांग्रेस सांसद ने आरोप लगाया कि असम के मुख्यमंत्री का नियंत्रण गृह मंत्री अमित शाह के हाथों में है। उन्होंने कहा, अगर सीएम हिमंत अमित शाह के खिलाफ कुछ भी कहने की हिमाकत करेंगे, तो उन्हें भाजपा से बाहर का रास्ता दिखा दिया जाएगा। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने असम में पुलिस को और प्राथमिकी दर्ज करने की चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि वे खुद और कांग्रेस कार्यकर्ता किसी से डरते नहीं हैं। बता दें कि राहुल समेत कई कांग्रेस नेताओं के खिलाफ भीड़ को कथित तौर पर उकसाने के लिए गुवाहाटी पुलिस ने मामला दर्ज किया है। राहुल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधा। कांग्रेस सांसद ने आरोप लगाया कि सीएम सरमा के अलावा पीएम मोदी और शाह के भी दिल नफरत से भरे हुए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा-आरएसएस असम की भाषा, संस्कृति और इतिहास को मिटाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा और संघ असम को नागपुर (आरएसएस मख्यालय) से चलाना चाहते हैं, लेकिन कांग्रेस और असम की जनता उन्हें ऐसा करने की इजाजत नहीं देगी। असम में यहीं के लोगों का शासन होगा।