मुंबई। महाराष्ट्र छत्रपति शिवाजी महाराज, शाहू महाराज, महात्मा फुले और डॉ. आंबेडकर के विचारों और आदर्शों का राज्य है। जब-जब लोकतंत्र व  संविधान को खत्म करने की कोशिश हुई, तब-तब इसी महाराष्ट्र ने लोकतंत्र और संविधान में विश्वास करने वालों को ताकत दी है। जाति और धर्म के नाम पर राजनीति करने वाली भाजपा जहां संवैधानिक व्यवस्था को खत्म करने का प्रयास कर रही है, वहीं महाराष्ट्र की जनता ने आज छत्रपति शिवाजी महाराज, शाहू, फुले और अंबेडकर के विचार को ताकत देने का संकल्प लिया है। महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी को अपनी हार साफ़ दिखाई दे रही है, इसीलिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बार-बार महाराष्ट्र में प्रचार करने के लिए आना पड़ रहा है। शुक्रवार को नागपुर में मीडिया से बात करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि सोलापुर में विडी घरकुल योजना पूर्व प्रधानमंत्री डॉ.मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार की थी, लेकिन घरों की  चाबी देने मोदी पहुंच गए। यानी चाबी देने की गारंटी मोदी की है। यूपीए सरकार के दौरान इस योजना को पूरा करने में मोदी सरकार को 10 साल लग गए। यह दावा करना कि यह योजना मोदी सरकार की गारंटी है। पूरी तरह से झूठ और आधारहीन है ।पटोले ने कहा कि नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री हैं, और उन्हें इस तरह का झूठ नहीं बोलना चाहिए। पिछले दिनों ही प्रधानमंत्री मोदी मुंबई में सागरी सेतु के उद्घाटन पर आये थे। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री कम और प्रचार प्रमुख ज्यादा हैं। 
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर को लेकर कांग्रेस पर की जा रही आलोचना गलत है। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने ही अयोध्या में श्री राम मंदिर के दरवाजे खुलवाए और श्री राम दर्शन की व्यवस्था की।  शिलान्यास भी उन्हीं के समय में हुआ। राजीव गांधी ने भी राम मंदिर का मुद्दा सुलझाने की कोशिश की थी, लेकिन उस वक्त बीजेपी ने राजीव गांधी के प्रस्ताव का विरोध किया था। लेकिन अब मंदिर कहां बनाया गया है। पटोले ने ये सवाल पूछा है। 
असम के मुख्यमंत्री के यह कहने पर कि वह राहुल गांधी को गिरफ्तार करेंगे। नाना पटोले ने कहा कि तानाशाह लोग इस तरह की बात करते हैं। दरअसल बीजेपी राहुल गांधी से डर गई है और कार्रवाई की धमकी दी है। अगर असम के मुख्यमंत्री में हिम्मत है तो निश्चित रूप से राहुल गांधी को गिरफ्तार करना चाहिए। राहुल गांधी ने देश की जनता को न्याय दिलाने के लिए इस यात्रा को शुरू किया है। पूरा देश उनके साथ है। भारत जोड़ो न्याय यात्रा को जनता का भारी समर्थन मिल रहा है। इस वजह से बीजेपी डरी हुई है। राहुल गांधी पर कार्रवाई करें, जनता उन्हें उचित जवाब देगी।
भारतीय जनता पार्टी का महिला सशक्तिकरण का नारा पूरी तरह से भ्रामक है। देश ने देखा है कि कैसे ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाली महिला खिलाड़ियों के साथ भाजपा ने क्या रवैया अपनाया। भाजपा लगातार महिलाओं का अपमान कर रही है। रामायण और महाभारत ने दिखाया है कि महिलाओं पर अत्याचार करने का पाप करने वालों का विनाश अवश्यंभावी है। बीजेपी इस पर बात क्यों नहीं करती कि आज की महंगाई में महिलाओं के लिए घर चलाना कितना मुश्किल है? कांग्रेस पार्टी में महिलाओं का सम्मान किया जाता है। कांग्रेस कहती है जय सियाराम तो बीजेपी कहती है जय श्रीराम। सीता के बिना भगवान राम पूर्ण नहीं हो सकते। नाना पटोले ने यह भी कहा कि बीजेपी वाले जय श्री राम के नारे लगाते हैं और सीता को किनारे कर देते हैं, यही कांग्रेस और बीजेपी में अंतर है।