रायपुर। छत्‍तीसगढ़ के पहले उपमुख्‍यमंत्री बनाए जाने के बाद टीएस सिंहदेव आज दिल्‍ली से रायपुर लौट आएं। रायपुर एयरपोर्ट पर टीएस सिंहदेव का उनके समर्थकों ने भव्‍य स्‍वागत किया। टीएस सिंहदेव ने एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में कहा, हमारी प्राथमिकता राज्य के विकास के लिए मिलकर काम करने की होगी। मुझे जो जिम्मेदारी दी गई है, मैं उसे पूरा करूंगा। हम मौजूदा सीएम भूपेश बघेल के चेहरे पर चुनाव लड़ेंगे। हम सब मिलकर काम करेंगे। अभी तक मुझे कोई विशेष जिम्मेदारी नहीं दी गई है।

सिंहदेव ने उपमुख्‍यमंत्री पद के लिए पार्टी के शीर्ष नेताओं का आभार व्‍यक्‍त किया। चुनाव से पहले केवल पांच महीने के लिए डिप्‍टी सीएम बनाए जाने के सवाल पर सिंहदेव ने कहा, एक दिन की जिम्‍मेदारी भी बड़ी होती है। हम सब मिलकर काम करेंगे।

मुख्यमंत्री बघेल ने टीएस सिंहदेव को मिठाई खिलाकर दी बधाई

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से आज यहां उनके निवास कार्यालय में स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री बघेल ने स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव को उप मुख्यमंत्री बनाये जाने पर मिठाई खिलाकर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी शैलजा, अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

दिल्‍ली में हुई बैठक में केंद्रीय नेतृत्व ने लिया फैसला

दिल्ली में कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व के साथ छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ नेताओं की बैठक में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव को उप मुख्यमंत्री बनाने का फैसला लिया गया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव संगठन केसी वेणुगोपाल ने सिंहदेव को उपमुख्यमंत्री बनाने की घोषणा की। राज्य गठन के बाद पहली बार किसी नेता को उप मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

बैठक के बाद मीडिया से चर्चा में टीएस सिंहदेव ने कहा कि मुख्यमंत्री का चेहरा बदलने का कोई सवाल ही नहीं है। कांग्रेस पार्टी स्वयं एक चेहरा है। सर्वेक्षणों और मीडिया रिपोर्टों से हमें बहुत सकारात्मक रिपोर्ट मिल रही है। हमने पिछले साढ़े चार साल में जो किया है, उस पर चुनाव लड़ेंगे। 2018 में सामूहिक नेतृत्व में चुनाव लड़़ा गया, जिसका परिणाम बेहतर आया था। इस साल भी हम सामूहिक नेताओं के आधार पर ही चुनाव लड़ेगे, क्योंकि इसमें टीम को कोई भी लीड कर सकता है।

टीएस सिंहदेव को उपमुख्यमंत्री बनाए जाने के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ट्वीट करके बधाई दी। मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया कि हैं तैयार हम, महाराज साहब को उपमुख्यमंत्री के रूप में दायित्व के लिए बधाई और शुभकामनाएं। इससे पहले दिल्ली में केंद्रीय नेताओं ने विधानसभा के साथ-साथ लोकसभा चुनाव को लेकर मंथन किया गया।