अपने जमाने के दिग्गज भारतीय बल्लेबाज सुनील गावस्कर का मानना है कि मुंबई इंडियंस के नवनियुक्त कप्तान हार्दिक पांड्या इस टीम में नई सोच लेकर आएंगे, क्योंकि रोहित थके हुए नजर आ रहे थे और पिछले कुछ वर्षों से उन्होंने बल्लेबाजी में पर्याप्त योगदान नहीं दिया।

मुंबई और चेन्नई ने जीते पांच खिताब-

रोहित और चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी आइपीएल के सबसे सफल कप्तानों में शामिल हैं। इन दोनों की अगुआई में उनकी टीम ने पांच-पांच खिताब जीते हैं। मुंबई इंडियंस हालांकि 2021 के बाद खिताब नहीं जीत पाया और 2022 में वह अंतिम स्थान पर रहा था।

क्या बोले गावस्कर-

गावस्कर ने कहा कि ऐसा रोहित के थके हुए होने के कारण हो सकता है क्योंकि वह लगातार सिर्फ आइपीएल टीम ही नहीं बल्कि भारत के कप्तान की भूमिका भी निभा रहे थे। उन्होंने कहा कि 'हमें हार्दिक को मुंबई इंडियंस का कप्तान बनाना सही या गलत के रूप में नहीं देखना है। उन्होंने यह फैसला टीम के फायदे के लिए लिया है।

रोहित का योगदान हुआ कुछ कम-

हम कह सकते हैं कि रोहित का यहां तक कि बल्लेबाजी में भी योगदान थोड़ा कम हो गया है। इससे पहले रोहित बल्लेबाजी में काफी योगदान देते थे, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में वे नौवें या 10वें नंबर पर रहे हैं। मुंबई इंडियंस में जो जोश पहले दिखाई देता था वैसा नहीं दिखाई दिया।'

हार्दिक ने खुद को किया साबित-

गावस्कर का मानना है कि हार्दिक ने गुजरात की टीम के साथ खुद को साबित किया है और मुंबई इंडियंस में उनकी वापसी से टीम में नई सोच जुड़ेगी। उन्होंने कहा कि 'मुंबई ने यह फैसला कर लिया है। वह कप्तानी के मामले में युवा खिलाड़ी हैं, जो गुजरात टाइटंस को दो बार फाइनल में पहुंचाकर और एक बार खिताब दिलाकर खुद को साबित कर चुका है।

कई बार आपको नई सोच की जरूरत पड़ती है और वह टीम में नई सोच जोड़ सकता है। मुझे लगता है जो फैसला किया गया उससे मुंबई इंडियंस को नुकसान नहीं फायदा ही होगा।'