पत्थर से हमले का बदला लेने कर दी किशोर की हत्या
भोपाल। टीटी नगर इलाके की अर्जुन नगर बस्ती में गुरुवार की रात एक किशोर की हत्या कर दी गई। दिन में किशोर का मोहल्ले के एक युवक से झगड़ा हुआ था। इस दौरान किशोर ने युवक को पत्थर मार दिया था। इसी बात का बदला लेने के लिए युवक ने रात में किशोर पर धारदार चीज से हमला कर दिया। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया जहां पर उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
टीटी नगर थाना प्रभारी मनोज पटवा ने बताया कि 16 वर्षीय किशोर ब्रजकांत पांडे अर्जुन नगर में बस्ती में रहता था। इसी बस्ती में सोनू बाथम नाम का युवक रहता है। सोनू बदमाश प्रवृत्ति का है उसके खिलाफ पूर्व से ही 4-5 अपराध दर्ज हैं। इधर ब्रजकांत के खिलाफ भी पूर्व में अड़ीबाजी का मामला दर्ज हो चुका था। दोनों ही मोहल्ले में अपनी धौंस जमाना चाहते थे। इसी बात को लेकर उनके बीच रंजिश चलती रहती थी। गुरुवार की दोपहर ब्रजकांत और सोनू के बीच विवाद हो गया। झगड़े के दौरान ब्रजकांत ने सोनू को पत्थर मार दिया था। उनके बीच में विवाद बढ़ता इससे पहले ही अन्य युवकों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कर दिया था। सोनू ने तभी से ब्रजकांत को सबक सिखाने का मन बना लिया। रात करीब साढ़े दस बजे ब्रजकांत अपने घर के पास ही खड़ा था। इसी दौरान सोनू वहां पर आया तथा उसने ब्रजकांत पर धारदार चीज से हमला कर दिया। हमला करने के बाद वह मौके से भाग निकला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। इस घटना के बाद वहां पर युवकों का जमावड़ा होने लगा तथा लड़ाई-झगड़ा बढऩे की नौबत आने लगी तो टीटी नगर थाने का और भी बल वहां पर बुला लिया गया। इधर ब्रजकांत को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां पर उसे मृत घोषित कर दिया। सीने में आई चोट के कारण उसकी मौत हुई थी। पुलिस ने फिलहाल इस मामले में मर्ग कायम किया है। पुलिस का कहना है कि ब्रजकांत पर पेंचकशनुमा चीज से हमला किया गया है जबकि स्थानीय लोगों का कहना था कि सोनू ने चाकू मारा था। पोस्टटमार्टम रिपोर्ट आने पर ही पता चला सकेगा कि हथियार कौन सा था तथा कितना शार्प था। पुलिस ने आरोपी सोनू बाथम को हिरासत में ले लिया है।

ममता ने राज्यसभा के लिए चुना बंगाल की मशहूर टॉली क्वीन...........जाने कौन हैं ये
एलओसी पार से पुंछ में घुसा पाकिस्तानी ड्रोन, भारतीय सेना ने फायरिंग कर खदेड़ दिया
PAK vs SL: टी20 विश्वकप से बाहर होने के बाद सलमान आगा का नया बहाना! क्या बोले पाकिस्तान टीम के कप्तान? जानें
ZIM vs SA Playing-11: टी20 में द. अफ्रीका पर पहली जीत दर्ज कर पाएगा जिम्बाब्वे? मार्करम की टीम का पलड़ा भारी