जबलपुर ।  गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। अगले सप्ताह से जबलपुर सहित संभाग के जिलों में झमाझम वर्षा होने लगेगी। मानसून छत्तीसगढ़, झारखंड से होता  हुआ मध्यप्रदेश अगले सप्ताह तक प्रवेश कर जाएगा। उसके पहले शुक्रवार से प्री -मानसून की गतिविधियां प्रारंभ होने की आशंका जताई जा रही है।

गरज-चमक के साथ पड़ेंगी बौछारें

क्षेत्रीय मौसम कार्यालय के प्रभारी अधिकारी बीजू जॉन जैकब ने बताया कि मानसून आंधप्रदेश तेलंगाना सहित अन्य राज्यों में प्रवेश कर चुका है। अगले दो से तीन दिनों में छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार सहित मध्यप्रदेश में प्रवेश कर सकता है। 23 जून से 26 जून तक जबलपुर सहित पूर्वी मध्यप्रदेश में प्री मानसून की गतिविधियां शुरू होने की संभावना है। इस दौरान जबलपुर सहित संभाग के जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ वर्षा या बौछारें पड़ सकती है। अगले एक सप्ताह में मानसून पूरी तरह से जबलपुर सहित प्रदेश को कवर कर लेगा। इससे तापमान में भी गिरावट आने की संभावना है।

सिवनी में भी मानसून मेहरबान, रिमझिम वर्षा से 'गर्मी' शांत

सिवनी मुख्यालय समेत जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह से लगातार जारी वर्षा से किसानों के चेहरे खिल गए। खेतों में फसल बुवाई का कार्य शुरू हो गया है। वहीं तापमान में गिरावट से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिल गई है। वर्षा नहीं होने से किसानों द्वारा खेतों में लगाए गए बीज खराब होने की स्थिति में आ गए थे।

वर्षा से लौट आई है सूखे खेतों में नमी

किसानों ने बताया कि काफी दिनों बाद हुई वर्षा से सूखे खेतों में नमी लौट आई है। अब बुवाई के काम में तेजी आएगी। खेती-किसानी के रुके काम फिर से शुरू हो गए हैं। मानसून की सक्रियता इसी तरह बनी रहेगी तो फसलों को फायदा मिलेगा।

झमाझम वर्षा से अब 33-34 डिग्री पर आ गया पारा

मुख्यालय समेत जिले के बरघाट, अरी, सुकतरा, बादलपार समेत आसपास के गांवों में तेज व रिमझिम वर्षा का दौर गरुवार के शुक्रवार को भी जारी रहा। मुख्यालय समेत ग्रामीण क्षेत्रों में जोरदार वर्षा के चलते बरसाती नाले भी उफान पर दिखाई देने लगे हैं। मानसून की सक्रियता से पहले अधिकतम पारा 38.4 डिग्री तक पहुंच गया था, जो अब 33-34 डिग्री पर आ गया है।

बालाघाट में प्री मानसून, वर्षा ने दी गर्मी से राहत, मौसम हुआ सुहाना

मौसम में दो दिनों से आए बदलाव के बाद आखिरकार बालाघाट में शुक्रवार सुबह प्री मानसून ने दस्तक दे दी। सुबह 11 बजे से तेज वर्षा का दौर अब भी जारी है। गुरुवार को भी गर्मी के तेवर कमजोर हो गए और शुक्रवार अलसुबह भी हल्की वर्षा हुई, लेकिन 11 बजे के बाद मौसम पूरी तरह बदल गया और झमाझम वर्षा ने लोगों को गर्मी से सुकून और राहत दी।

ये प्री मानसून, है अभी मानसून ने दस्तक नहीं दी

कृषि मौसम वैज्ञानिक धर्मेंद्र अगाशे ने बताया कि ये प्री मानसून की वर्षा है। अभी मानसून ने दस्तक नहीं दी है। हालांकि, अगले 48 से 72 घंटे के बीच जबलपुर संभाग सहित बालाघाट में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो जाएगा।

नरसिंहपुर में सुबह से छाए बादलों से बूंदाबांदी, अच्छी वर्षा की बढ़ी आस

सूखे जा रहे आषाढ़ के अंतिम दिनों में मौसम ने अच्छी वर्षा की उम्मीद बढ़ा दी है। शुक्रवार को नरसिंहपुर में कई स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हुई तो कुछ जगह थोड़ी देर वर्षा तेज रही। जिससे लोगो को उमस भरी गर्मी और तीखी धूप से राहत मिली। शुक्रवार की सुबह से जिले में बादल छाए हुए है। कई किसानों ने धान के रोपा तैयार करने का कार्य शुरू कर दिया है। किसानों का कहना है की यदि वर्षा ने साथ दिया तो बोवनी का कार्य समय पर शुरू हो जाएगा। जिला मुख्यालय पर शुक्रवार की सुबह पहले हल्की रिमझिम वर्षा हुई और कुछ देर बाद करीब 25 मिनिट वर्षा की गति अधिक रही। उसके बाद वर्षा बंद हो गई । यही हाल तेंदूखेड़ा, गाडरवारा तहसील क्षेत्र में रहा। बादल छाए रहने से लोगो के लिए पूर्व में कष्टकारी बना मौसम अब सुहाना लगने लगा है। हालांकि लोग यह भी कह रहे है की यदि मामूली वर्षा के बाद धूप खिलेगी तो बीमारियां बढ़ना तय है। फिलहाल लोगो की उम्मीद अच्छी वर्षा को लेकर बनी हुई है।