दक्षिण से आ रही ठंडी हवाओं के कारण राजधानी रायपुर समेत प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। रायपुर में रविवार को बारिश होने की संभावना है। शनिवार को रायपुर में मौसम शुष्क रहा। दोपहर की तेज धूप के साथ ही ठंडी हवाएं भी चली। इसके कारण गर्मी का प्रभाव नहीं है। शनिवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19.3 डिग्री दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि एक द्रोणिका मराठवाड़ा से दक्षिण छग होते हुए तटीय आंध्रप्रदेश तक 0.9 किमी ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके प्रभाव से रविवार को राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की वर्षा के आसार है। साथ ही हवा की दिशा भी बदलकर दक्षिणी हो जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश के न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होगी।

10 वर्षों में सबसे कम ठंडे रहे जनवरी-फरवरी

फरवरी का महीना अब समाप्त होने वाला है। यह देखा जा रहा है कि इस वर्ष 10 वर्षों में पहली बार ऐसा हुआ है कि जनवरी व फरवरी माह में ठंड काफी कम पड़ी है। उत्तर छत्तीसगढ़ को छोड़ दिया जाए तो मध्य छत्तीसगढ़ में तो इस वर्ष शीतलहर नहीं पड़ी है, बल्कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से न्यूनम तापमान में बढ़ोतरी रही है। ठंड कम पड़ने के चलते इस वर्ष गर्म कपड़ों का कारोबार भी काफी कम रहा है।